Bokaro: जिले के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकदूमपुर पुल के समीप शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बसगोड़ा निवासी अजय मुर्मू के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान 34 वर्षीय अजय मुर्मू के रूप में हुई है। वह बोकारो के बसगोड़ा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। शव मिलने की खबर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।

मौत के कारणों पर बना हुआ है रहस्य
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अजय मुर्मू मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण कोई अनहोनी हुई हो, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस खंगाल रही घटना की कड़ियां
माराफारी थाना पुलिस का कहना है कि जाँच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

