Bokaro: सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद आवास को निशाना बनाते हुए इस्पातकर्मी के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर से नया ताला लगाकर फरार हो गए, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। घटना सेक्टर-12 सी स्थित आवास की है, जहां रहने वाले बोकारो स्टील प्लांट कर्मी वकील प्रसाद मांझी के घर चोरी हुई। गुरुवार देर रात ससुराल से लौटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली।

घर लौटे तो दरवाजे पर मिला नया ताला
वकील प्रसाद मांझी ने बताया कि 15 जुलाई को वह सपरिवार अपने ससुराल पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जाने से पहले उन्होंने घर में ताला लगाकर आवास बंद कर दिया था। गुरुवार रात करीब लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे पर लगा ताला खोलने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं खुला। जांच करने पर पता चला कि दरवाजे पर लगा ताला नया था। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर किसी ने भी ताला लगाने की जानकारी नहीं दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया गया।

आलमारी और दीवान को खंगाल ले गए चोर
घर के अंदर का नजारा देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। आलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। दीवान का पटरा भी उलटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
सेक्टर-12 पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नए आवास में शिफ्ट होने के कुछ दिन बाद ही चोरी
पीड़ित इस्पातकर्मी वकील प्रसाद मांझी ने बताया कि उन्होंने पांच जुलाई को ही सेक्टर-12 सी स्थित नए आवास में प्रवेश किया था। वह मूल रूप से बोकारो जिले के चौरा गांव के रहने वाले हैं। नए घर में आने के महज दस दिन बाद ही चोरी की घटना ने परिवार को चिंता में डाल दिया है।पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सेक्टर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

