Bokaro : अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ, बेरमो पुलिस और सीसीएल सुरक्षागार्ड ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान अमलो रेलवे साइडिंग के समीप 05 नंबर पीपल धोरा बस्ती से 108.160 टन अवैध कच्चा कोयला जब्त किया गया। वहीं, तारमी कोल डंप के पास से भी 1.415 टन अवैध रूप से जमा कोयला बरामद किया गया।

सूचना पर सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच ने की पुष्टि
सूत्रों से सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलो रेलवे साइडिंग के नजदीक 05 नंबर पीपल धोरा बस्ती में कोयला चोरों द्वारा अवैध रूप से कोयला जमा किया गया है। सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच ने मामले की पुष्टि की।
जीएम को दी गई सूचना, टीम ने शुरू की छापेमारी
सूचना की पुष्टि होने के बाद इसकी जानकारी सीसीएल जीएम राजीव कुमार सिंह को दी गई। इसके बाद जीएम राजीव कुमार सिंह और सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर छापेमारी दल को सक्रिय किया गया। सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षागार्ड की संयुक्त टीम ने 05 नंबर पीपल धोरा बस्ती क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की।

मौके से 108.160 टन अवैध कोयला बरामद
छापेमारी टीम ने मौके से 108.160 टन अवैध कच्चा कोयला जब्त किया। इसके साथ ही तारमी कोल डंप के पास अवैध रूप से जमा 1.415 टन कोयला भी बरामद किया गया। दोनों स्थानों से जब्त कुल 109.575 टन कोयला सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।
सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम सहित कई अधिकारी रहे मौजूद
छापेमारी अभियान में गारा अभिलाष, सहायक कमांडेंट के.वी.ए. श्रीधर, इंस्पेक्टर एस.आर. नायक, पी.के. सिंह, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, एच.के. सिंह, सउनि विद्युत देव शर्मा, आसूचनाकर्मी, एरिया सिक्युरिटी इंचार्ज, सीसीएल सुरक्षागार्ड प्रभारी शीलचंद सहित सीसीएल सुरक्षागार्ड, सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम और जवान शामिल रहे।
कोयला चोरी पर पूर्ण अंकुश लगाने का दावा
सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने कहा कि कोयला चोरी पर पूर्णतः अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि माइनिंग एरिया के बाहर तथा जहां सीआईएसएफ की तैनाती नहीं है, वहां यदि कोयला चोरी का मामला सामने आता है तो इसकी सूचना तत्काल सीसीएल प्रबंधन, जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस को दी जाएगी।
अन्य क्षेत्रों में भी संयुक्त अभियान चलेगा
कमांडेंट ने कहा कि कोयला चोरी की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ की ओर से आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई।


