Bokaro: बोकारो समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं… लोक संवाद’ कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने आमजनों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 23 मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राशन कार्ड रद्द करने के कारणों की होगी पड़ताल
लोक संवाद में कसमार प्रखंड के सिंहपुर निवासी लक्ष्मी देवी ने राशन कार्ड रद्द किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय को अब तक राशन कार्ड रद्द किए जाने से संबंधित प्राप्त शिकायतों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार और अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र को ऐसे मामलों की समीक्षा कर राशन कार्ड रद्द करने के कारणों की जांच करने को कहा।

गलत कार्रवाई करने वालों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि यदि जांच में राशन कार्ड रद्द करने या इसकी अनुशंसा करने में गड़बड़ी सामने आती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक रूप से सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
जन शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। मौके पर संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
