Bokaro: बोकारो समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने 30 अक्टूबर 2026 को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों के पदाधिकारियों से योजनावार प्रगति की जानकारी ली और बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यकारी एजेंसियों को काम में तेजी लाने का निर्देश
समीक्षा बैठक में विशेष प्रमंडल, एनआरईपी, भवन प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल तथा ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ) सहित अन्य एजेंसियों की योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित समाधान किया जाए।

नियमित निगरानी और जवाबदेही पर जोर
उपायुक्त ने योजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सभी एजेंसियों को योजनाओं से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि डीएमएफटी की योजनाएं जिले के विकास और आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
