Bokaro : जरीडीह थाना क्षेत्र में एक युवती की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके प्रेमी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, जरीडीह थाना अंतर्गत ग्राम बनचास टोला चट्टीगोड़ा के जंगल किनारे एक करीब 20 वर्षीय युवती का शव गमछी के सहारे पेड़ से लटका हुआ मिला था। मृतका की पहचान आरती हेम्ब्रम के रूप में हुई।

मां के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला
इस घटना को लेकर मृतका की मां बुंदी देवी, पति स्वर्गीय मिस्त्री हेम्ब्रम, निवासी पिठोरिया, चांपी, तेनुघाट ओपी क्षेत्र ने जरीडीह थाना में लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर जरीडीह थाना कांड संख्या-133/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरती हेम्ब्रम का अपने प्रेमी मनोज मरांडी के साथ पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को मनोज मरांडी शादी का भरोसा देकर आरती को अपने घर ले आया था। हालांकि, मनोज के माता-पिता उसे घर में रखने के पक्ष में नहीं थे। आरती भी वापस जाने को तैयार नहीं थी और मनोज के साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी विवाद के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
गला दबाकर हत्या के बाद शव को लटकाया
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त की शाम आरती की घर के पीछे स्थित बाड़ी में गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य, तकनीकी जांच और परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
प्रेमी समेत माता-पिता गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक जरीडीह शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
मनोज मरांडी (19 वर्ष), पिता नाजीर मरांडी
नाजीर मरांडी (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय पुषा मरांडी
सरस्वती देवी (55 वर्ष), पति नाजीर मरांडी
सभी आरोपी बनचास टोला चट्टीगोड़ा, थाना जरीडीह, जिला बोकारो के निवासी हैं।
मोबाइल और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और बैग में रखा उसका कपड़ा बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह और जरीडीह थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक बिपिन चन्द्र महतो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

