Bokaro: शहर के दुन्दीबाद लोहा पट्टी बाजार में सोमवार तड़के करीब 2 बजे भीषण आग लगने से तीन दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

तीन दुकानों को हुआ भारी नुकसान
बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से महादेव श्रीवास्तव की पूजा सामग्री की दुकान, पंकज साव की घड़ी दुकान तथा बबलू श्रीवास्तव की दुकान पूरी तरह जल गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकानों में रखा पूरा सामान राख में तब्दील हो गया।

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
अग्निशमन विभाग के प्रभारी भगवान ओझा ने कहा कि सूचना मिलते ही की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
आग लगने के कारणों की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है। वहीं, आग लगने से प्रभावित दुकानदारों को भारी आर्थिक क्षति होने की बात सामने आई है। दूकान में लिए गए बीएसएल के अवैध बिजली कनेक्शन में हुए शॉट सर्किट से आग लगने की सम्भावना जताई जा रही है।

