बोकारो: शहर के नया मोड़ स्थित एक मिठाई और चाय दुकान पर चाय के पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कुछ युवकों ने दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


चाय के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ में संतोष कुमार की मिठाई और चाय दुकान पर कुछ युवक चाय पी रहे थे। दुकानदार ने जब उनसे पैसे मांगे, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने कथित तौर पर एक युवक की पिटाई कर दी।
दुकान में घुसकर की तोड़फोड़
युवक की पिटाई से नाराज उसके कुछ साथी दुकान में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में सामान को नुकसान पहुंचाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। नया मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां जुटी भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की। गौरतलब है कि घटनास्थल से कुछ ही मीटर की दूरी पर ट्रैफिक थाना भी स्थित है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
