Bokaro : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक बोकारो के कसमार पहुंचे, जहां उन्होंने बरलंगा-नेमरा सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से स्थानीय लोगों और सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों में भी हलचल बढ़ गई। उन्होंने मौके पर सड़क निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।


सड़क की गुणवत्ता पर लिया अपडेट
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की स्थिति को करीब से देखा और सड़क की गुणवत्ता तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में भी सक्रियता नजर आई।
होटल पहुंचे सीएम और कल्पना सोरेन
सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ कसमार स्थित कुणाल जायसवाल के होटल पहुंच गए। मुख्यमंत्री और विधायक को अचानक अपने बीच देखकर होटल में मौजूद लोग और स्थानीय लोग उत्साहित हो उठे।

कल्पना सोरेन ने खुद बनाई चाय
होटल का माहौल तब और भी आत्मीय हो गया, जब विधायक कल्पना सोरेन ने चाय बनाने में मदद की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चाय परोसी। कुछ देर के लिए राजनीतिक गतिविधियों से दूर, यह नज़ारा बेहद स्वाभाविक और घरेलू और अपनापन भरा लग रहा था।
सीएम के पहुंचते ही उमड़ी भीड़
मुख्यमंत्री और विधायक के होटल पहुंचने की खबर आसपास के लोगों तक पहुंचते ही वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोग अपने पसंदीदा नेताओं की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्साहित नजर आए। कई लोगों ने मुख्यमंत्री और विधायक के साथ सेल्फी ली, जबकि युवाओं ने फोटो और वीडियो बनाकर इस पल को कैमरे में कैद किया।
चाय-पकौड़ी के साथ जलेबी और आलू चॉप भी पैक
होटल से निकलते समय मुख्यमंत्री ने चाय, पकौड़ी, जलेबी और आलू चॉप भी पैक करवाया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नेमरा के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज और आम लोगों के बीच अचानक पहुंचकर चाय-पकौड़े का आनंद लेना कसमार में चर्चा का विषय बना रहा।
