Bokaro: बोकारो में शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 5 अक्टूबर को चैंबर ऑफ कॉमर्स, बोकारो के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था के साथ रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी और साइबर अपराध की रोकथाम पर चर्चा की गई।
बेरमो में जल्द शुरू होगा ट्रैफिक पोस्ट
पुलिस अधीक्षक ने चैंबर प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बेरमो थाना क्षेत्र में जल्द ट्रैफिक पोस्ट शुरू करने का निर्णय लिया। इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

अतिक्रमण और अड्डेबाजी पर होगी कार्रवाई
चास थाना क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या का नगर निगम और प्रशासन के सहयोग से समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया। वहीं अड्डेबाजी वाले स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई तेज करने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया है।

रात की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
रात्रि गश्ती, रक्षक और टाइगर मोबाइल की दैनिक गश्ती संख्या साझा करने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी घटना की स्थिति में तत्काल सूचना और कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
साइबर फ्रॉड को लेकर विशेष प्रशिक्षण
व्यापारियों ने साइबर मामलों में फ्रीज खातों को अनफ्रीज कराने और APK फ्रॉड समेत अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष जागरूकता प्रशिक्षण की मांग की। इस संबंध में साइबर प्रभारी सह डीएसपी को निर्देश दिया गया।
दुकानों और ज्वैलरी शॉप के पास CCTV लगाने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से धमकी भरे कॉल की सूचना तुरंत पुलिस को देने और दुकानों, प्रमुख मंदिरों, चिन्हित स्थानों तथा ज्वैलरी शॉप के आसपास CCTV लगाने की अपील की। चैंबर सदस्यों ने सहमति जताते हुए दशहरा के दौरान पुलिस को सहयोग का भरोसा दिया।
