Bokaro: देर रात कंधे पर जोमैटो का डिलीवरी बैग, सड़क पर बाइक और पुलिस की नजर पड़ते ही भागने की कोशिश—ललपनिया पुलिस को जब दो युवकों की इस हरकत पर शक हुआ तो पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया कि दोनों डिलीवरी बॉय की पहचान की आड़ में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

अंबेडकर चौक पर भागने की कोशिश
5 अक्टूबर की रात करीब 2.30 बजे एसआई सत्येन्द्र राम सशस्त्र बल के साथ अंबेडकर चौक के पास रात्रि गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान रामगढ़-जगेश्वर विहार मेन रोड की ओर से आ रहे दो बाइक सवार पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखते ही अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

बाइक के कागजात नहीं दिखा सके
पुलिस ने दोनों से मोटरसाइकिल के कागजात मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बेरमो-फुसरो क्षेत्र के ढोरी धौड़ा में एक और चोरी की मोटरसाइकिल छिपाकर रखने की जानकारी दी। वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद थाना प्रभारी जय प्रकाश एक्का के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की और आरोपियों की निशानदेही पर तीसरी बाइक भी बरामद कर ली।

जोमैटो की आड़ में बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जोमैटो में डिलीवरी का काम करते थे और देर रात ऑर्डर पहुंचाने के लिए निकलते थे। पुलिस चेकिंग के दौरान उनके डिलीवरी बैग और डिक्की की जांच की जाती थी। डिलीवरी बॉय होने के कारण पूछताछ के बाद वे आसानी से निकल जाते थे। इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर दोनों ने बाइक चोरी शुरू कर दी।
तीन-चार कपड़े पहनकर निकलते थे
आरोपी चोरी के दौरान एक के ऊपर एक तीन-चार अलग-अलग रंगों के कपड़े पहनते थे। वारदात के बाद कुछ दूरी पर जाकर कपड़े बदल लेते थे और अपना हुलिया बदल लेते थे। पुलिस के मुताबिक, इसका मकसद पुलिस, आम लोगों और सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचना था।
तीन बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने लाल-काली रंग की Honda SP Shine, सिल्वर रंग की Hero i-Smart और बिना नंबर की लाल-काली Hero Splendor बरामद की है। इनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर बाइक चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
छापामारी टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल
कार्रवाई में ललपनिया ओपी प्रभारी जय प्रकाश एक्का, एसआई सत्येन्द्र राम, आरक्षी अजय कुमार मुंडा, जैप आरक्षी उदित कुमार तथा ललपनिया ओपी के सशस्त्र बल शामिल रहे।
