Bokaro: पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस केंद्र बोकारो में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान बोकारो जिला बल के शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित भी किया गया।

हॉट स्प्रिंग्स की घटना में शहीद हुए थे 10 पुलिसकर्मी
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में सीमा की रक्षा के दौरान चीनी सेना के घात लगाकर किए गए हमले में भारतीय पुलिस के 10 जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

झारखंड के तीन शहीद जवानों को किया गया याद
कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष झारखंड में शहीद हुए तीन जवानों के नाम पढ़कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही बोकारो जिला बल के शहीद जवानों के योगदान और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।

शहीदों के परिजनों की समस्याओं के समाधान का निर्देश
इस अवसर पर एएसपी वेदांत शंकर (IPS) ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सीसीआर डीएसपी राम प्रवेश कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद, सार्जेंट मेजर प्रणव कुमार, सार्जेंट मेजर-2 जॉय प्रभाकर लकड़ा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। चास इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, सेक्टर-6 थाना प्रभारी विक्रांत कुमार, सार्जेंट शिव प्रसाद महतो तथा पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। शहीद जवानों को सलामी सार्जेंट दीना हंसदा ने दी।
