Bokaro: विस्थापितों के नियोजन और अन्य मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच बुधवार को सेक्टर-9 स्थित जय झारखंड मजदूर समाज कार्यालय में नन एनजेसीएस यूनियनों की बैठक हुई। बैठक में बोकारो स्टील प्रबंधन से उच्च न्यायालय जाने के बजाय आंदोलनकारियों के साथ आमने-सामने बैठकर समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की गई।

जमीन देने वाले विस्थापितों के सामने रोजगार का संकट
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय विस्थापितों ने प्लांट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी, लेकिन आज उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना चुनौती बन गया है। ठेका मजदूरों के रूप में प्लांट उत्पादन में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों की भी हर नए टेंडर में 20 से 40 प्रतिशत तक छंटनी किए जाने पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि इससे विस्थापितों और मजदूरों के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है।

अनशनकारियों की बिगड़ती तबीयत पर जताई चिंता
बैठक में आमरण अनशन पर बैठीं स्थानीय विधायक श्वेता सिंह, शहीद प्रेम महतो की माताजी, अंजेला सिंह समेत अन्य अनशनकारियों की बिगड़ती तबीयत पर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि यह स्थिति शहर और प्लांट, दोनों के हित में नहीं है।

औद्योगिक शांति के लिए संवाद पर जोर
यूनियन नेताओं ने प्रबंधन से बल के बजाय बुद्धि और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की, ताकि औद्योगिक शांति बनी रहे और प्लांट का विस्तारीकरण भी सुचारू रूप से पूरा हो सके।
बैठक में बीके चौधरी, देवदीप सिंह दिवाकर, डीसी गोहाई, एनके सिंह, जेएन सिंह, आई. अहमद, आरबी चौधरी, अमोद कुमार और सत्येंद्र कुमार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने विचार रखे।
