Bokaro: चोरी तो चोरी होती है, चाहे सोने की हो या सुई की। लेकिन किराना दुकान से चोरी हुए एक-एक पैकेट काजू, बादाम और पिस्ता की बरामदगी को लेकर पुलिस का उत्साह, उसकी कार्रवाई और फिर इसे अपनी उपलब्धि के रूप में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रचारित करना वाकई चर्चा का विषय है। आखिर पुलिस ने इस चोरी की घटना का खुलासा किया है, ये वाकई कबीले तारीफ है। शहर के लोगों को उम्मीद है कि बोकारो पुलिस इसी जोश का इस्तेमाल घर में चोरी, चेन स्नेचिंग, लूट, डीजल-पेट्रोल की अवैध तस्करी और कोयला चोरी जैसी समस्याओं को रोकने में भी करेगी।
25 दिनों बाद इस लूट का खुलासा तो…
वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर (माराफारी इलाके में) के पास बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा हिताची के एक कर्मचारी से 21.40 लाख रुपये लूटने की घटना को 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फिर भी, पुलिस के इस हाई जोश को देखकर तो यही लगता है कि अब वह शहर में होने वाली तमाम चोरी-लूट की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गई है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस ने…
बीएस सिटी थाना पुलिस ने दुन्दीबाग इलाके में चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह करीब तीन बजे दुन्दीबाग बाजार स्थित शिव मंदिर के पास चुनचुन राय के घर में चोरी हुई थी। इस मामले में अनुसंधान के दौरान पुलिस ने दुन्दीबाग हटिया निवासी राज कुमार रवानी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक आसमानी नीले रंग का बक्सा बरामद किया गया, जिसमें एसबीआई का चेकबुक और चांदनी कुमारी का अकादमिक प्रमाणपत्र मिला।

काजू-बादाम की बरामदगी भी प्रेस विज्ञप्ति में खास !
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चार नवंबर की रात दुन्दीबाग में हरिहर प्रसाद की राशन दुकान से चोरी हुए सामान भी बरामद किए गए। इसमें मंच द हेल्दी क्रंच कंपनी का एक पैकेट पिस्ता, एक पैकेट बादाम और एक पैकेट काजू शामिल हैं। तीनों पैकेटों की बरामदगी को भी पुलिस ने अपनी कार्रवाई की उपलब्धि के तौर पर विस्तार से दर्ज किया है।
तीन सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
पुलिस ने बाकायदा विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक राजू महतो और आरक्षी सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह शामिल थे।
बेशक, चोरी की हर घटना महत्वपूर्ण है और चोरी हुए सामान की बरामदगी पुलिस की जिम्मेदारी भी है। लेकिन जब एक-एक पैकेट ड्राई फ्रूट्स की बरामदगी को भी बाकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उपलब्धि के रूप में पेश किया जाता है, तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि पुलिस की प्राथमिकताएं और उपलब्धियों का पैमाना आखिर क्या है ?
