Bokaro: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित तीन माह के विशेष निवारक सतर्कता अभियान के तहत बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें वरिष्ठ प्रबंधन के साथ संवाद और निविदा, खरीद एवं अनुबंध प्रबंधन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल रहे।
वरिष्ठ अधिकारियों को दिलाई गई सत्यनिष्ठा की शपथ
निदेशक प्रभारी सम्मेलन कक्ष में सेल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) दिलीप कुमार ने संयंत्र के वरिष्ठ प्रबंधन के साथ संवाद किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा के साथ हुई। इसमें बीएसएल, कोलियरी प्रभाग, झारखंड ग्रुप ऑफ माइन्स (JGOM) और एसआरयू के अधिशासी निदेशक, लगभग 60 मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष शामिल हुए।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया गया जोर
संवाद सत्र में कार्यप्रणाली में निवारक सतर्कता को मजबूत बनाने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा और सतर्कता के उच्च मानक बनाए रखने पर जोर दिया गया।

निविदा और अनुबंध प्रबंधन पर हुआ प्रशिक्षण
इसी क्रम में मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में ‘निविदा प्रक्रिया, खरीद एवं अनुबंध प्रबंधन’ विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य खरीद और अनुबंध से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देना था।
