Bokaro: झारखंड राज्य गठन के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बोकारो में 15 से 28 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष आयोजन की थीम “विकास के छब्बीस वर्ष – आस्था और विश्वास के छब्बीस वर्ष” रखी गई है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया है।
15 नवंबर को रन-वॉक और स्वच्छता अभियान
राज्य स्थापना दिवस पर सुबह 6 से 8 बजे तक छठ घाट तक रन-वॉक का आयोजन होगा। इसके साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। छठ घाट को भी आयोजन की थीम के अनुरूप सजाया जाएगा।

खेल और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में दिखेगी प्रतिभा
17 से 24 नवंबर तक पारंपरिक आदिवासी खेल, स्थानीय खेल विधाओं और हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा निबंध, कविता लेखन, काव्य पाठ, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची भेजा जाएगा। टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए आदिवासी परंपरा और लुगुबुरु की पहचान प्रदर्शित की जाएगी।

खेल गांव में लगेगी जिला स्तरीय प्रदर्शनी
26 से 28 नवंबर तक खेल गांव में जिला स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसमें स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए एक जिला-एक उत्पाद, एक जिला-एक पर्यटन स्थल और एक जिला-एक आर्थिक गतिविधि की थीम पर तीन स्टॉल लगाए जाएंगे।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर जोर
कार्यक्रमों में सखी सम्मेलन, स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों, नशामुक्ति जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को भी प्रमुखता दी जाएगी। वहीं, ‘बधाई हो, बेटी हुई है’ अभियान के माध्यम से बालिका जन्म और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।
