Bokaro: पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सोमवार को एक साथ फुट पेट्रोलिंग यानी पैदल गश्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती।

बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी
फुट पेट्रोलिंग के दौरान मुख्य बाजारों, बैंक एवं एटीएम, बस स्टैंड तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त की। इस दौरान मनचलों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
दुकानदारों और नागरिकों से पुलिस ने किया संवाद
पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखने का भरोसा दिया।

नशाखोरी और जुआ जैसी गतिविधियों पर सख्ती
बोकारो पुलिस की ओर से नशाखोरी, अड्डेबाजी, जुआ और लॉटरी जैसी गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। इन गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का जोर
पुलिस का उद्देश्य जिले में 24×7 सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है। फुट पेट्रोलिंग के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखने की दिशा में अपनी सक्रियता जारी रखी है।


