Bokaro: चंदनकियारी थाना क्षेत्र के चंदनकियारी-पुरुलिया मुख्य मार्ग स्थित सुलोचना इंटरप्राइजेज में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 5.45 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोर छत के रास्ते दुकान के सीढ़ी रूम में दाखिल हुए और अलमारी व गल्ले का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी है।

छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए चोर
बताया गया कि चोर दुकान की छत तक पहुंचे और वहां से सीढ़ी रूम की खिड़की के पास पहुंचे। खिड़की के सामने सजाकर रखी ईंटों को हटाने के बाद उन्होंने खिड़की के रास्ते सीढ़ी रूम में प्रवेश किया। इसके बाद सीढ़ी के सहारे दुकान के अंदर पहुंचे और अलमारी तथा गल्ले का ताला तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले चोर ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था।
अलमारी में रखे थे पांच लाख रुपये
सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे प्रोपराइटर ने काउंटर और अलमारी के ताले टूटे देखे। दुकान के अंदर जांच करने पर अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये और गल्ले में रखे 45 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल चंदनकियारी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी की घटना रात करीब 12 बजे हुई।
बैंक बंद होने के कारण दुकान में रखी थी नकदी
दुकान मालिक के अनुसार, लगातार दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण बिक्री से प्राप्त रकम दुकान में रखनी पड़ी थी। करीब 45 हजार रुपये गल्ले में, जबकि लगभग पांच लाख रुपये अलमारी में रखे गए थे। इसी नकदी को चोरों ने निशाना बनाया।
व्यस्त चंदनकियारी चौक में वारदात से सुरक्षा पर सवाल
चंदनकियारी चौक जैसे व्यस्त इलाके में दुकान की खिड़की के रास्ते प्रवेश कर लाखों रुपये की चोरी किए जाने से स्थानीय कारोबारियों में चिंता है। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रोपराइटर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिया है।


