Bokaro: जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य सरकार की ओर से बोकारो पुलिस को उपलब्ध कराए गए 39 नए वाहनों को गुरुवार को पुलिस केंद्र बोकारो से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में इन नए वाहनों को पुलिस विभाग के बेड़े में शामिल किया गया। नए वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस गश्त, त्वरित कार्रवाई, अपराध नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

एसपी बोकारो नाथू सिंह मीणा ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय को बेहतर बनाने में सहायक होंगे। खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि बेहतर संसाधन मिलने से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम जनता तक पुलिस सेवाओं की पहुंच और प्रभावी होगी।
बोकारो पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग लगातार आधुनिक संसाधनों को बढ़ावा दे रहा है। नए वाहनों का उपयोग क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुसार किया जाएगा, जिससे पुलिसिंग को और अधिक तेज, सुरक्षित और जवाबदेह बनाया जा सके।

