बोकारो: जिले में खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 26 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 के बीच CEIR पोर्टल की मदद से कुल 57 मोबाइल फोन बरामद किए। रविवार को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर और मुख्यालय क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। इसके तहत संबंधित थाना और ओपी प्रभारियों को CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल का इस्तेमाल कर गुम मोबाइल फोन जल्द बरामद करने का निर्देश दिया गया था।

छह महीने में 684 मोबाइल बरामद
बोकारो पुलिस के अनुसार, पिछले छह महीनों में जिले में कुल 684 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, मोबाइल चोरी के मामले में तीन कांड दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है।

मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचना दें। साथ ही, भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल पर आवश्यक विवरण दर्ज कराएं। यदि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गुम या चोरी हुए मोबाइल का इस्तेमाल किया जाता है, तो इसकी जानकारी पुलिस और आवेदक को दी जाएगी।
पुलिस ने लोगों को मोबाइल फोन सुरक्षित रखने, अनजान व्यक्तियों को इस्तेमाल के लिए फोन नहीं देने और मोबाइल खरीदते समय वैध दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोबाइल चोरी एक गंभीर अपराध है। आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
