Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के सभी गेट खुले हैं और संयंत्र का संचालन सामान्य रूप से जारी है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आम लोगों के आवागमन को सुचारु रखने और संयंत्र के निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है।


उपायुक्त ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा
रविवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपने कार्यालय कक्ष में विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, एएसपी वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार, डीएसपी सिटी राजीव रंजन समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने और बीएसएल के सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई।
सभी गेटों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात
समीक्षा बैठक में बताया गया कि बीएसएल के सभी गेटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ दंडाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि गेट खुले रहें और संयंत्र के संचालन तथा सामान्य आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।

बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थल पर धरना-प्रदर्शन या विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने से पहले सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन विधि-व्यवस्था, जनसुरक्षा और संयंत्र के संचालन की लगातार निगरानी कर रहा है।
