Bokaro: पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बने अवदाब (Depression) के प्रभाव से दामोदर नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए तेनुघाट बांध प्रमंडल ने बाढ़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक सूचना जारी की है। मंगलवार को जारी पत्र में बताया गया है कि जलाशय के ऊपरी कैचमेंट एरिया में भारी वर्षा के कारण तेनुघाट जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

इससे दामोदर नदी में जल प्रवाह अचानक बढ़ने की संभावना है। वर्तमान में तेनुघाट डैम से कुल करीब 10,000 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। तेनुघाट बांध का अधिकतम संरक्षण स्तर 852 फीट निर्धारित है। इस स्तर पर जलाशय की सकल भंडारण क्षमता 44,526 हेक्टेयर-मीटर है। भारी बारिश की स्थिति में जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए जरूरत के अनुसार गेटों से पानी छोड़ा जा सकता है।
नदी किनारे नहीं जाने की सख्त सलाह
तेनुघाट बांध प्रमंडल ने निचले इलाकों और नदी तट के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, किसानों एवं श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी के पास न जाएं और बच्चों तथा मवेशियों को भी नदी किनारे जाने से रोकें। प्रशासन और संबंधित विभागों को भी स्थिति से अवगत कराया गया है, ताकि जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति में निचले क्षेत्रों में आवश्यक सावधानी बरती जा सके। सूचना की प्रतिलिपि बोकारो और धनबाद के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक, बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित गोमिया, पेटरवार, चंद्रपुरा और जरीडीह के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।

दामोदर के निचले इलाकों पर नजर
बांध प्रबंधन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जलाशय में पानी की स्थिति के अनुसार किसी भी समय गेट खोले या अधिक गेटों से पानी छोड़ा जा सकता है। ऐसे में दामोदर नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
