बोकारो टाउनशिप में 24 घंटे से जारी भारी बारिश ने नाली और ड्रेन की सफाई को लेकर किए गए दावों की ऐसी ‘धुलाई’ की कि सच्चाई सड़कों पर तैरती नजर आई। बोकारो टाउनशिप की कथित हृदयस्थली सिटी सेंटर में जलनिकासी व्यवस्था की पोल बारिश ने खोलकर रख दी। लोग काफी नाराज दिखे।

दुकानों के अंदर तक घुसने लगा पानी
बारिश के बाद सिटी सेंटर की कई सड़कों पर जलजमाव हो गया। नालियां जाम होने के कारण पानी नालियों में जाने के बजाय सड़कों पर बहता नजर आया। हालात ऐसे रहे कि दक्षिण रेस्टोरेंट के सामने सड़क पर पानी इतना जमा हो गया कि दुकानों के अंदर तक घुसने लगा। शहरवासियों का कहना है कि यदि नालियों और ड्रेन की सफाई समय पर और सही तरीके से की गई होती, तो भारी बारिश के दौरान शहर को इस तरह जलजमाव की समस्या से नहीं जूझना पड़ता।
परेशानी बढ़ा दी..
टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में भी कई जगह सड़कों पर पानी बहता दिखाई दिया। जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। भारी बारिश ने एक तरह से शहर की जलनिकासी व्यवस्था का ‘रियलिटी चेक’ कर दिया है। अब देखना यह है कि पानी उतरने के बाद जिम्मेदार विभाग कुछ करता भी है की सिर्फ दावों की निकासी जारी रहती है।



