Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट की कतार में आगे-पीछे होने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो दिनों तक चला और आखिरकार मारपीट व पत्थरबाजी तक पहुंच गया। स्टेशन के बाहर हनुमान मंदिर के पास मंगलवार को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आठ युवकों को गिरफ्तार किया है।

एसी तत्काल टिकट की कतार में भिड़े यात्री
आरपीएफ की जांच रिपोर्ट के अनुसार, विवाद की शुरुआत 16 नवंबर को बोकारो रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर पर एसी तत्काल टिकट बनवाने के दौरान हुई। तीसरे नंबर की कतार में अपनी जगह को लेकर दो यात्रियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराने को कहा।

अगले दिन फिर आमने-सामने आए दोनों गुट
हालांकि, विवाद खत्म होने के बजाय अगले दिन 17 नवंबर को फिर भड़क उठा। स्टेशन के बाहर स्थित हनुमान मंदिर के पास दोनों गुटों के लोग जुट गए। पहले कहासुनी हुई और फिर देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की गई। घटना में कई लोगों को चोटें आईं। सूचना मिलने पर जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर आठों युवकों को हिरासत में लिया और थाने ले गई।

समझौते के बावजूद आरपीएफ ने की कार्रवाई
जीआरपी में दोनों पक्षों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया, लेकिन बाद में दोनों गुटों के बीच समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने जीआरपी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराने की बात कही।
रेलवे एक्ट के तहत आठ अलग-अलग केस
हालांकि, आपसी समझौते के बावजूद आरपीएफ ने आठों के खिलाफ कार्रवाई की। आरपीएफ आद्रा मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ओम प्रकाश मोहंती ने बताया, “रेलवे परिसर में उपद्रव और अशांति फैलाने के आरोप में रेलवे एक्ट की धारा 145(2) के तहत सभी को गिरफ्तार किया गया है।” आरपीएफ पोस्ट बोकारो में आठों आरोपियों के खिलाफ केस संख्या 1632/26 से 1639/26 तक आठ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
