Bokaro: कोयला चोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल करगली की कार्रवाई लगातार जारी है। कमांडेंट राजप्रताप के निर्देश पर गठित एरिया डोमिनेशन टीम ने बी.एण्ड के. एवं ढोरी एरिया में सघन जांच, निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया। अभियान में सीआईएसएफ का डॉग स्क्वॉड भी शामिल रहा।

कई संवेदनशील इलाकों में की गई सघन जांच
अभियान के तहत बी.एण्ड के. एरिया के बैदकारो डीसीसीपीएल पैच, जरंगडीह रेलवे साइडिंग और कारो माइंस के आसपास जांच की गई। वहीं, ढोरी एरिया में भंडारीदाह रेलवे साइडिंग, पीपल धोरा बस्ती, दीनदयाल चौक और बेरमो पुल के आसपास एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।

दीनदयाल चौक के पास 1.190 टन अवैध कोयला जब्त
अभियान के दौरान दीनदयाल चौक के समीप अवैध रूप से भंडारित 1.190 टन कोयला बरामद किया गया। जब्त कोयले को सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ की इस कार्रवाई का उद्देश्य कोयले की अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने, चोरी और अवैध भंडारण रोकने के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना था।

अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी
सीआईएसएफ द्वारा एमएमडीआर अधिनियम के प्रावधानों के तहत जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। बल ने स्पष्ट किया है कि कोयला चोरी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए क्षेत्र में निगरानी, जांच और संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
