Bokaro: दुर्गा पूजा के माहौल में बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख रुपये की लूट से सनसनी फैल गई। माराफारी थाना क्षेत्र में बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने हीटाची कंपनी के कर्मी को रोककर उसके पास मौजूद 21 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। लूटी गई रकम कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में डाली जानी थी।


एक्सिस बैंक से रकम लेकर निकला था कर्मी
जानकारी के अनुसार, हीटाची कंपनी के कर्मी विजय कुमार नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21.40 लाख रुपये लेकर दोनों एटीएम में कैश डालने जा रहे थे। इसी दौरान बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने पहले गाली-गलौज और हाथापाई की और इसके बाद उनके पास मौजूद पूरी रकम लूटकर मौके से फरार हो गए।
दो दिन बैंक बंद रहने से निकाली गई थी अधिक रकम
पीड़ित कर्मी विजय कुमार ने बताया कि लगातार दो दिनों तक बैंक बंद रहने के कारण इस बार सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रकम निकाली गई थी। इस राशि को कुर्मीडीह और बालीडीह स्थित हीटाची कंपनी के एटीएम में जमा करना था। उन्होंने बताया कि आमतौर पर इतनी बड़ी रकम लेकर नहीं जाते हैं, लेकिन इस बार बैंक बंद रहने के कारण अधिक कैश ले जाना पड़ा।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सकेगा।
इतनी बड़ी रकम ले जाने के प्रोटोकॉल की भी होगी जांच
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, इतनी बड़ी रकम को ले जाने के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
