Bokaro: शहर के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में शनिवार को एक दर्दनाक घटना में साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार में मातम पसरा है।


चॉकलेट मांगने पर मामा ने दिया हथियार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां शोभा देवी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राजेश कुमार घर आया था। बच्चे ने उससे चॉकलेट मांगी। आरोप है कि राजेश ने चॉकलेट देने के बजाय बच्चे को खेलने के लिए खिलौना बताकर एक लोडेड अवैध हथियार दे दिया। इसी दौरान बच्चे के हाथ से कथित तौर पर ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके माथे में जा लगी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मामा फरार
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद राजेश कुमार बच्चे को अस्पताल ले जाने में भी शामिल था। हालांकि बाद में वह अवैध हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया गया है कि राजेश बोकारो स्टील प्लांट के बाहर वाहनों को अंदर ले जाने के दौरान खलासी का काम करता है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की ओर से बताया गया है कि बच्चे को खिलौना बताकर हथियार दिया गया था।
DSP मुख्यालय पवन कुमार ने बताया कि बच्चे को यह हथियार यह कहकर दिया गया था कि यह एक खिलौना है। यह जांच का विषय है कि बच्चा ट्रिगर कैसे दबा पाया। इसके अलावा, इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या यह हथियार अवैध है और इसे किस मकसद से रखा गया था।
