Bokaro: बोकारो सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और मरीजों के चिकित्सा अभिलेखों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बुधवार को प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने निरीक्षण किया। उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


तीन दिनों में शुरू होगा मेडिकल रिकॉर्ड विभाग
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मेडिकल रिकॉर्ड विभाग (MRD) के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध पाया गया। प्रशिक्षु आईएएस ने विभाग को तीन दिनों के भीतर पूरी तरह क्रियाशील करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों के चिकित्सा अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण किया जा सके।
प्रत्येक केस शीट के लिए खुलेगी अलग फाइल
अस्पताल के वार्डों में केस शीट और केस फाइल उपलब्ध थीं, लेकिन प्रत्येक केस शीट के लिए अलग फाइल नहीं बनाई गई थी। इस पर उन्होंने दस्तावेजीकरण में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए सभी केस शीट की केस फाइल उसी दिन खोलने का निर्देश दिया।

बेडशीट की धुलाई के लिए खरीदी जाएगी मशीन
निरीक्षण के दौरान वार्डों में पर्याप्त बेडशीट उपलब्ध मिलीं। इनके नियमित धुलाई और जरूरतों को पूरा करने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय को व्यावसायिक वॉशिंग मशीन की खरीद प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
साफ-सफाई और मरीजों की सुरक्षा पर जोर
प्रशिक्षु आईएएस ने जरूरत के अनुसार वॉश-बेसिन की मरम्मत कराने तथा सफाई के दौरान दुर्घटनाओं से बचाव के लिए ‘सफाई जारी है’ संकेतक वाले चेतावनी कोन खरीदने का निर्देश दिया। मौके पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एनपी सिंह समेत अन्य चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
