बोकारो: चंद्रपुरा स्थित डीवीसी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई करीब 40 लाख रुपये के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि विरुद्ध किशोर भी शामिल है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के कई आभूषण बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या एफ/डी-05 में चोरी की घटना हुई थी। घर से करीब 40 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305 में मामला दर्ज किया गया था।
पहले दो आरोपी हुए थे गिरफ्तार
मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तेनुघाट के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी कर बिरसाबस्ती निवासी रोहित कुमार (26) और विजय कुमार (22) को कमला माता मंदिर पहाड़ी से गिरफ्तार किया था।

उनके पास से चोरी के कुछ चांदी के सामान और 5,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे। दोनों आरोपियों को 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया था। पूछताछ के दौरान मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
13 अक्टूबर को तीन और गिरफ्तार
पुलिस ने 13 अक्टूबर को छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें पश्चिम पल्ली निवासी मो. दानिश (19), संडे मार्केट निवासी शाहिल उर्फ कारू (19) और एक विधि विरुद्ध किशोर शामिल हैं। दानिश का स्थायी पता पिपराडीह, चंद्रपुरा बताया गया है, जबकि किशोर निमिया मोड़, स्टेशन रोड क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
सोने के आभूषणों की बरामदगी
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बरामद सामानों में चार सोने जैसे रंग के कड़े, 11 कंगन, 24 चूड़ियां, एक मंगलसूत्र, 17 अंगूठियां, तीन गले के हार, 13 जोड़ी झुमके, पत्थर जड़ी एक नोज पिन, एक नथिया और एक कमरबंद शामिल हैं। इसके अलावा दो छोटे गले के हार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। छापेमारी दल में बेरमो अंचल के पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह समेत चंद्रपुरा थाना और क्यूआरटी के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे।
