बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। सेक्टर-12C स्थित आवास संख्या 3073 का मुख्य दरवाजा तोड़कर चोर करीब 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के बर्तन और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना बीती रात की बताई जा रही है।
घर का दरवाजा काटकर अंदर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, आवास में रहने वाले राजेंद्र दास बीएसएल के सीसीएस विभाग में कार्यरत हैं। परिवार के सभी सदस्य धनबाद जिले के राजगंज में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी काटी और अंदर प्रवेश कर लिया। चोर करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने, जिनमें कंगन, अंगूठी और मांगटीका समेत कई आभूषण शामिल हैं, तथा लगभग तीन लाख रुपये के चांदी के जेवरात और बर्तन लेकर चले गए।

वापस लौटने पर बिखरा मिला घर का सामान
गृहस्वामिनी आरती कुमारी ने बताया कि वे अपनी मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने राजगंज गई थीं। वापस लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-12 पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी, अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों का सुराग तलाश रही है। फिलहाल मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। गृहस्वामी को आवश्यक प्रक्रिया के लिए थाने बुलाया गया है।
