Bokaro: बोकारो रेलवे गुड्स शेड के पास रांग साइड ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने कुछ दिनों तक खूब सक्रियता दिखाई। लगा कि अब सड़क पर नियमों का राज होगा और राहगीर सुरक्षित सफर कर सकेंगे। लेकिन यह उम्मीद ज्यादा दिन नहीं टिकी। महज चार दिन बाद ही व्यवस्था फिर पुराने रंग में लौट आई। अब भारी वाहन पहले की तरह बेखौफ रांग साइड में दौड़ रहे हैं। लगता है, यहां ट्रैफिक नियमों का पालन भी किसी अभियान की तरह कुछ दिनों के लिए ही होता है।
500 मीटर तक उल्टी दिशा में फर्राटा, सड़क मानो निजी रास्ता !
रेलवे गुड्स शेड से निकलने वाले खाली डंपर करीब 500 मीटर तक रांग साइड में तेज रफ्तार से गुजरते हैं। राधा गांव से तेल भरकर आने वाले टैंकर भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। यानी सड़क पर सही दिशा में चलने वालों को अब यह अंदाजा लगाकर चलना पड़ता है कि सामने से कोई वाहन अपनी सही लेन में आएगा या सीधे गलत दिशा से फर्राटा भरता हुआ निकलेगा।

एनएच-23 पर यह नजारा किसी को भी चौंका सकता है। लेकिन शायद नियमित रूप से ऐसा देखने वालों के लिए यह अब सामान्य बात हो गई है। सवाल यह है कि जब चार दिन पहले इसी समस्या पर कार्रवाई हो सकती है, तो अब निगरानी क्यों नहीं ? क्या विभाग की जिम्मेदारी चालान काटने तक है या सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी उसका काम है?
सड़क पर गड्ढे, धूल और अंधेरा, हादसे के लिए पूरा इंतजाम !
रेलवे फाटक के आसपास सड़क की हालत भी कम दिलचस्प नहीं है। रात में पर्याप्त रोशनी नहीं, सड़क किनारे गड्ढे और आधी सड़क पर धूल का कब्जा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां सफर करना किसी बाधा दौड़ से कम नहीं। ऊपर से रांग साइड से आते भारी वाहन अलग चुनौती पेश करते हैं। नियमित सफाई का पता नहीं, धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी नदारद। हादसा होने के बाद जांच और जिम्मेदारी तय करने की औपचारिकता जरूर हो सकती है, लेकिन उससे पहले सुरक्षा के इंतजाम करने की जरूरत शायद किसी को महसूस नहीं हो रही।
रेलवे को राजस्व, सड़क सुरक्षा पर खर्च कौन करेगा?
बोकारो रेलवे गुड्स शेड से सात कंपनियां कोयले का डिस्पैच कर रही हैं। इससे रेलवे को सालाना करोड़ो रूपये का राजस्व मिलता है। करोड़ों का कारोबार लगातार जारी है, लेकिन इससे जुड़ी सड़क सुरक्षा और प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था बदहाल नजर आती है। अधिकांश कोयला लदे वाहन तिरपाल से ढके बिना सड़क पर निकलते हैं। नतीजा, रास्ते में कोयले की धूल उड़ती रहती है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शर्तों में धूल प्रदूषण रोकने के इंतजाम शामिल हैं, लेकिन जमीन पर इन शर्तों का पालन कितना हो रहा है, इसका अंदाजा सड़क की स्थिति देखकर लगाया जा सकता है।
हादसा हो तो जवाबदेही किसकी? आरटीआई ने भी नहीं सुलझाई पहेली
एनएच-23 पर रेलवे फाटक के आसपास रांग साइड ड्राइविंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे की जवाबदेही भी सवालों के घेरे में है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल से आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब नहीं मिला। रेलवे ने विभिन्न व्यवस्थाओं और तैनाती से संबंधित जानकारियां तो दीं, लेकिन फाटक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना की स्थिति में जवाबदेही को लेकर तस्वीर साफ नहीं की।
ऐसे में आम लोगों का सवाल वाजिब है कि रेलवे फाटक के पास हादसा होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी ? रेलवे की, परिवहन विभाग की, ट्रैफिक पुलिस की या उस व्यवस्था की, जिसमें हर विभाग अपनी जिम्मेदारी दूसरे के पाले में डाल सकता है ? आरटीआई में रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी कंपनी को भंडारण की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में कोयला कारोबार से जुड़ी गतिविधियों और नियमों के अनुपालन की निगरानी पर भी सवाल उठते हैं।
सख्ती और फिर छुट्टी ! स्थायी समाधान कब ?
सबसे बड़ा सवाल परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर है। चार दिन तक कार्रवाई हुई, फिर सब कुछ पहले जैसा। क्या विभाग को लगता है कि चार दिन की सख्ती से रांग साइड ड्राइविंग की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी ? सड़क पर नियम तोड़ने वाले वाहन बेखौफ हैं, राहगीर जोखिम में हैं और जिम्मेदार विभागों की सक्रियता अभियान के दिनों तक सीमित दिखाई देती है। अब जरूरत फोटो खिंचवाने वाली कार्रवाई या कुछ दिनों के अभियान की नहीं, बल्कि नियमित निगरानी, भारी वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित व्यवस्था, सड़क की मरम्मत, रोशनी और धूल नियंत्रण की है। क्योंकि सड़क पर चलने वाले लोगों को सिर्फ चार दिन की सुरक्षा नहीं चाहिए। उन्हें हर दिन सुरक्षित घर पहुंचने का अधिकार चाहिए।
