Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सुरक्षा विभाग का प्रबंधन निजी एजेंसी को सौंपने की पहल के बाद शहर में होमगार्ड जवानों की तैनाती को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व सैनिकों द्वारा संचालित निजी सुरक्षा एजेंसियों को प्राथमिकता देने की बीएसएल की योजना और इस संबंध में जारी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) के बाद होमगार्ड जवानों में नौकरी और तैनाती को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। उन्हें आशंका है कि निजी एजेंसी के आने के बाद बीएसएल में उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।
फिलहाल बीएसएल में करीब 380 पुरुष और महिला होमगार्ड जवान तैनात हैं। इसी आशंका को लेकर बुधवार को होमगार्ड जवानों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त अजय नाथ झा से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर बीएसएल द्वारा निजी एजेंसी की नियुक्ति का विरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने जवानों को काम से नहीं हटाने की मांग की। वहीं होमगार्ड जवानो ने डीसी ऑफिस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

होमगार्ड को हटाने की कोई आधिकारिक बात नहीं
हालांकि, बीएसएल से जुड़े सूत्रों का दावा है कि होमगार्ड जवानों की आशंका का प्रबंधन की प्रस्तावित योजना से कोई सीधा संबंध नहीं है। बीएसएल के किसी अधिकारी ने अब तक किसी आधिकारिक मंच पर होमगार्ड जवानों को हटाने की बात नहीं कही है। न ही इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। ऐसे में जवानों को हटाए जाने की आशंका किस आधार पर पैदा हुई, यह स्पष्ट नहीं है।
सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों को उत्पादन में लगाने की रणनीति
बताया जा रहा है कि बीएसएल प्रबंधन की योजना होमगार्ड जवानों को हटाने के बजाय, अपने नियमित सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की तैनाती में बदलाव करने की बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, प्रबंधन अपने मैनपावर का बेहतर इस्तेमाल करते हुए नियमित कर्मचारियों को प्लांट के भीतर स्टील उत्पादन से जुड़े कार्यों में लगाने की रणनीति पर काम कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था का संचालन निजी एजेंसी के माध्यम से कराने की पहल इसी योजना का हिस्सा मानी जा रही है।
अतिक्रमण और अवैध कब्जों पर सख्ती की तैयारी
दरअसल, बीएसएल प्रबंधन इन दिनों टाउनशिप में अतिक्रमण, अवैध कब्जे, बिजली और पानी की चोरी जैसी समस्याओं को लेकर दबाव में है। विस्थापितों सहित शहर के विभिन्न वर्गों की ओर से इन मुद्दों पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रबंधन अब इन समस्याओं का स्थायी समाधान चाहता है।
सूत्रों के मुताबिक, विस्थापितों के गेट बंदी आंदोलन के दौरान हाईकोर्ट का रुख कर बीएसएल प्रबंधन ने अपने स्ट्रेटेजी बदलने का एहसास करा दिया है। अब अतिक्रमणकारियों, अवैध कब्जाधारियों और बिजली-पानी की चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को प्रभावी बनाने की तैयारी है।
प्रस्तावित व्यवस्था में निजी सुरक्षा एजेंसी की भूमिका केवल प्लांट और टाउनशिप की सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अतिक्रमण और अवैध कब्जों के मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने तथा कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने में भी उसकी भूमिका होगी। अब तक ऐसे मामलों में बीएसएल के अधिकारी और कर्मचारी कई बार सीधे कानूनी कार्रवाई करने से बचते रहे हैं। प्रबंधन को अब यह एहसास हो रहा है कि कानून का सहारा लिए बिना इन समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण मुश्किल है। इस लिए पारदर्शी और प्रभावी करवाई के लिए रिटायर्ड फौजियों के हाथ में सिक्योरिटी विभाग का प्रबंधन सौंपने की सोच पर काम हो रहा है।
13 निजी एजेंसियों ने दिखाई रुचि
बीएसएल की ओर से सुरक्षा विभाग के प्रबंधन के लिए जारी EOI के जवाब में अब तक 13 निजी सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी रुचि दिखाई है। इनमें पूर्व सैनिकों द्वारा संचालित एजेंसियों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था में बीएसएल अपना एक नोडल अधिकारी तैनात करेगा, जो निजी एजेंसी के कामकाज और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगा। वहीं, निजी एजेंसी होमगार्ड जवानों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी और बीएसएल की संपत्तियों को अतिक्रमण तथा अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाएगी।
बिजली चोरी रोकने की भी तैयारी
सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के साथ बीएसएल टाउनशिप की बिजली व्यवस्था के प्रबंधन को भी निजी कंपनी के हाथों में सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सूत्रों का दावा है कि टाउनशिप में बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से प्रबंधन पिछले दो सालो से इस प्रस्ताव पर काम कर रहा है। इससे संबंधित फाइल सेल कॉरपोरेट कार्यालय को भेजी जा चुकी है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद निजी कंपनी को टाउनशिप की बिजली व्यवस्था के प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
डीसी बोले- होमगार्ड हटाने की बात कहां से आई ?
इस पूरे मामले पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने होमगार्ड जवानों की आशंका पर सवाल उठाते हुए कहा, “हम लोग विभिन्न प्रतिष्ठानों और उद्योगों में होमगार्ड जवानों की संख्या बढ़ाने की बात कर रहे हैं। बीएसएल से भी जवानों की संख्या बढ़ाने को कहा जा रहा है। ऐसे में उन्हें हटाने की बात कहां से आ गई ? ऐसी कोई बात नहीं है। फिर भी बीएसएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा करेंगे।”
