Bokaro: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने अब सोशल मीडिया की ताकत का सहारा लिया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ बैठक की। बैठक में 8 और 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाले विशेष शिविर की जानकारी दी गई।

18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का अवसर
डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि 8 एवं 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है या पहले दर्ज नाम हट गया है, तो ऐसे लोग भी फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एक ही परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बूथ पर नाम तो कराएं सुधार
डीसी ने बताया कि कई मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज होते हैं। ऐसी स्थिति में मतदाता फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक संशोधन अथवा नाम स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर भी फॉर्म-8 के जरिए आवश्यक सुधार कराया जा सकता है। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाएं जानकारी
बैठक के दौरान डीसी ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से विशेष शिविर की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं और आम लोगों तक अभियान की जानकारी तेजी से पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने इनफ्लुएंसर्स से आग्रह किया कि वे लोगों को 8 एवं 9 अगस्त को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन की प्राथमिकता – हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो
डीसी ने स्पष्ट किया कि SIR-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम की स्थिति की जांच करें। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष शिविर में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।


