Bokaro : बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) की ओर से शहरवासियों के लिए एक नई और आकर्षक पहल की शुरुआत की जा रही है। 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को सेक्टर-4 स्थित गांधी चौक से बोकारो मॉल जाने वाली मुख्य सड़क पर एक दिवसीय “आर्ट एंड साइंस स्ट्रीट” का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा, जिसमें कला, शिल्प और विज्ञान की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
बीएसएल द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को नई दिशा देना है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिलेगा। युवा अपनी रचनात्मकता और नवाचार को खुले तौर पर प्रस्तुत कर सकेंगे।
कला और विज्ञान की लगेगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम में हस्तशिल्प, हस्तनिर्मित उत्पाद, पेंटिंग, स्केचिंग, पोर्ट्रेट, वॉल आर्ट और सजावटी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, विज्ञान से जुड़े नवाचार और प्रयोग भी प्रदर्शित होंगे, जिससे युवाओं को अपनी वैज्ञानिक सोच दिखाने का मौका मिलेगा।

खरीदारी और स्वाद का भी रहेगा इंतजाम
इस आयोजन में शहरवासी अपनी पसंद के कलात्मक उत्पाद खरीद सकेंगे। साथ ही विभिन्न फूड स्टॉल्स पर स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद उठा सकेंगे। यह आयोजन “प्रमोट, इनकरेज और कनेक्ट” की भावना को आगे बढ़ाते हुए कलाकारों और आम लोगों के बीच संवाद का माध्यम बनेगा।
परिवारों के लिए खास आकर्षण
बोकारो स्टील सिटी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जानी जाती है। इसी कड़ी में यह आयोजन कला और विज्ञान को एक मंच पर लाने का प्रयास है। यह कार्यक्रम न केवल कला प्रेमियों बल्कि बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए भी एक यादगार और प्रेरणादायक शाम साबित होगा।

