Thieves stole electric wires from 15 poles along with insulators and cross arms near Fudnidih substation in Bokaro, raising concerns over an active organised gang targeting government infrastructure.
Bokaro : जिले में बिजली व्यवस्था को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला फुदनीडीह सब स्टेशन क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने 15 बिजली पोल से तार काटकर चोरी कर ली। मामले में फुदनीडीह सब स्टेशन के कनीय विद्युत अभियंता चंद्रगुप्त बिरुली की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

आंधी-पानी के दौरान दिया वारदात को अंजाम
कनीय विद्युत अभियंता चंद्रगुप्त बिरुली ने बताया कि क्षेत्र में आंधी-पानी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से बिजली पोलों से तार काट लिए। चोरी के दौरान 45 पिन इंसुलेटर और 15 क्रास आर्म भी गायब कर दिए गए।
विभाग के अनुसार चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 45 हजार 250 रुपये आंकी गई है। घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

कई इलाकों में सक्रिय है संगठित गिरोह
जानकारी के अनुसार बोकारो में बिजली तार, बिजली पोल और पानी की पाइप चोरी करने वाला एक संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय है। यह गिरोह खासकर चंदनकियारी, चास, बालीडीह समेत अन्य इलाकों में सरकारी संपत्ति को निशाना बना रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गिरोह रात के अंधेरे और खराब मौसम का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देता है। लोहे के सामान और सरकारी कार्यालयों के आसपास रखे उपकरण इनके मुख्य निशाने पर रहते हैं।
जनजीवन पर पड़ रहा सीधा असर
बिजली तार की चोरी केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ता है। बिजली व्यवस्था बाधित होने से सैकड़ों परिवारों, छोटे व्यवसायों और जरूरी सेवाओं पर असर पड़ता है।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब लोगों ने प्रशासन से संगठित गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

