A 20-year-old youth died in a tragic road accident in Bokaro while heading to buy wedding items for his sister. The incident turned celebrations into mourning, as angry villagers staged a road blockade demanding compensation.
Bokaro: खुशियों से सजा घर पल भर में मातम में बदल गया। बुधवार सुबह एनएच-32 पर कांड्रा पेट्रोल पंप के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक दिजपद कुमार की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। वह अपने बड़े भाई के साथ बहन की शादी के लिए सामान खरीदने चास बाजार जा रहा था, लेकिन किस्मत ने रास्ते में ही सब कुछ छीन लिया।

बताया जाता है कि तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिजपद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई घायल हो गया। गुरुवार को बहन की शादी थी घर में चल रही तैयारियां एक पल में मातम में बदल गईं।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस और जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद जाम हटा। पूरे गांव में शोक की लहर है, और हर कोई यही कह रहा है एक लापरवाही ने खुशियों से भरा घर उजाड़ दिया।


