Bokaro : बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) के आवासीय परिसरों में बढ़ते अतिक्रमण, अवैध कब्जे और कंपनी के आवासों के दुरुपयोग पर प्रबंधन ने शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। अब बीएसएल आवास से जुड़ी ऐसी शिकायतों के लिए लोगों को नगर सेवा भवन या सिक्योरिटी विभाग का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। प्रबंधन ने इसके लिए एक विशेष सिक्योरिटी अलर्ट मोबाइल नंबर जारी किया है, जिस पर फोन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी।

बीएसएल प्रबंधन की ओर से जारी सिक्योरिटी अलर्ट नंबर 8986876433 पर कंपनी के आवासों में अवैध कब्जा, अतिक्रमण, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के रहने या आवास के अन्य तरीके से दुरुपयोग की सूचना दी जा सकेगी। यह मोबाइल नंबर 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

शिकायतकर्ता की पहचान रहेगी गुप्त
प्रबंधन की इस पहल का सबसे अहम पहलू शिकायतकर्ता की पहचान की गोपनीयता है। बीएसएल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य व्यक्तिगत विवरण गोपनीय रखा जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अतिक्रमण या अवैध कब्जे के खिलाफ सूचना देने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी या दबाव का सामना न करना पड़े।
प्रबंधन का मानना है कि कई लोग अवैध कब्जे या आवास के दुरुपयोग की जानकारी होने के बावजूद अपनी पहचान उजागर होने की आशंका से शिकायत करने से बचते हैं। इसी समस्या को देखते हुए मोबाइल आधारित शिकायत व्यवस्था शुरू की गई है।
किराये पर देने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी
बीएसएल के आवासों को कंपनी के नियमों के विपरीत किराये पर देने या किसी अन्य व्यक्ति को अवैध रूप से रहने की अनुमति देने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रबंधन ऐसे मामलों की सूचना मिलने के बाद जांच करेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित आवासधारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
इसके अलावा कंपनी के आवास पर कब्जा कर रहने वाले ऐसे लोगों की जानकारी भी सिक्योरिटी अलर्ट नंबर पर दी जा सकती है, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध हों या जिनके वहां रहने का कोई वैध आधार नहीं हो।
तस्वीर भी भेज सकेंगे शिकायतकर्ता
सिक्योरिटी अलर्ट नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के साथ शिकायतकर्ता चाहें तो संबंधित अतिक्रमण, अवैध कब्जे या आवास के दुरुपयोग की तस्वीर भी साझा कर सकेंगे। इससे प्रबंधन को मामले की प्राथमिक जांच और कार्रवाई में मदद मिलेगी।
24 घंटे के भीतर कार्रवाई का दावा
बीएसएल प्रबंधन के अनुसार सिक्योरिटी अलर्ट नंबर पर प्राप्त शिकायतों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी। दर्ज शिकायतों की निगरानी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन करेंगे। शिकायतों की संख्या, उनके निस्तारण और की गई कार्रवाई का ब्योरा भी नियमित रूप से लिया जाएगा।
प्रबंधन की इस पहल को बीएसएल टाउनशिप में कंपनी के आवासों को अवैध कब्जे और दुरुपयोग से मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब यह देखना होगा कि मोबाइल आधारित शिकायत व्यवस्था से अतिक्रमण और अवैध कब्जे के मामलों में कितनी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो पाती है।

