Bokaro: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में इस बार बोकारो जिले की विशिष्ट पहचान और समृद्ध विरासत आकर्षण का केंद्र बनेगी। 26 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में बोकारो की पारंपरिक कला, जनजातीय आस्था, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को खास अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी का शुभारंभ आज होगा।
तीन खास थीम पर सजेगी बोकारो की प्रस्तुति
बोकारो जिले की ओर से प्रदर्शनी में ‘एक जिला, एक उत्पाद’, ‘एक जिला, एक पर्यटन स्थल’ और ‘एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि’ की थीम पर विशेष स्टॉल और प्रस्तुतियां लगाई जाएंगी। इसके माध्यम से जिले की उन खासियतों को सामने लाया जाएगा, जो बोकारो को राज्य के अन्य जिलों से अलग पहचान देती हैं।

पारंपरिक काष्ठ कला में दिखेगा स्थानीय कारीगरों का हुनर
‘एक जिला, एक उत्पाद’ थीम के तहत बोकारो की पारंपरिक काष्ठ कला को प्रमुखता दी जाएगी। प्रदर्शनी में लकड़ी से तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से स्थानीय कारीगरों की रचनात्मक प्रतिभा और पारंपरिक हुनर को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही इस कला के जरिए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं को भी रेखांकित किया जाएगा।
लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत
‘एक जिला, एक पर्यटन स्थल’ के तहत संताल आदिवासी समुदाय के प्रमुख धार्मिक स्थल लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ को प्रदर्शनी में विशेष स्थान मिलेगा। इस पवित्र स्थल की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाया जाएगा। सोहराय कुनामी के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। राज्य सरकार ने इस आयोजन को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया है। प्रदर्शनी में लुगुबुरू की आस्था, परंपरा, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
भेंडरा मेटल क्लस्टर से दिखेगी आर्थिक समृद्धि की राह
‘एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि’ थीम के तहत भेंडरा स्थित मेटल क्लस्टर की उपलब्धियों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से संचालित इस क्लस्टर के जरिए स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी गई समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी
प्रदर्शनी के समग्र समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी उप निदेशक, पीआरडी रवि कुमार को सौंपी गई है। वहीं, नोडल पदाधिकारी हेमलता के साथ महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (जीएम-डीआईसी), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), जेएसएलपीएस और जेएसएलपीएस प्रतिनिधि निहारिका समन्वय की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
बोकारो की विशिष्ट पहचान को मिलेगी राज्य स्तर पर पहचान
इस प्रदर्शनी के माध्यम से बोकारो की पारंपरिक काष्ठ कला, जनजातीय आस्था, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को व्यापक पहचान दिलाने की कोशिश की जाएगी। खास बात यह है कि एक ही मंच पर जिले की कला, पर्यटन और आर्थिक क्षमता की झलक देखने को मिलेगी।
