Bokaro: बोकारो के स्कूली विद्यार्थियों के लिए आधुनिक तकनीक और शोध के नए रास्ते खुलने जा रहे हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बोकारो और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा के बीच गुरुवार को संयुक्त शोध, नवाचार एवं क्षमता निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
तीन साल की साझेदारी, AI और रोबोटिक्स पर होगा फोकस
बीआईटी मेसरा में आयोजित समारोह में डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार और बीआईटी मेसरा के रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। शुरुआती तौर पर तीन वर्षों के लिए हुए इस करार के तहत विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डेटा साइंस, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), ऑटोमेशन और STEM शिक्षा की जानकारी दी जाएगी।

हैकाथॉन और हाईटेक लैब में सीखेंगे विद्यार्थी
इस साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को बीआईटी मेसरा की आधुनिक प्रयोगशालाओं और शोध केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञों के व्याख्यान, हैकाथॉन, विज्ञान प्रदर्शनी, कार्यशालाएं और इनोवेशन चैलेंज आयोजित होंगे। विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रोजेक्ट और प्रोटोटाइप तैयार करने में विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
शिक्षकों के लिए भी खुलेंगे उच्च शिक्षा के रास्ते
समझौते में शिक्षकों के प्रशिक्षण और शोध क्षमता विकास को भी शामिल किया गया है। डीपीएस बोकारो के शिक्षक निर्धारित शर्तों के तहत बीआईटी मेसरा में एमएससी, एमटेक और पीएचडी जैसे पाठ्यक्रमों में प्रायोजित अभ्यर्थी के रूप में दाखिला ले सकेंगे।
बोकारो की शिक्षा के लिए मील का पत्थर : प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि बीआईटी मेसरा के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को स्कूली स्तर से ही शोध और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, रजिस्ट्रार डॉ. राजेश जैन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव अकादमिक और तकनीकी सहयोग का भरोसा दिया।
