Bokaro: ज़िले के बालीडीह थाना क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग गुमशुदगी के मामलों का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया।

घरेलू विवाद के बाद लापता महिला वृंदावन से मिली
पहले मामले में कुर्मीडीह निवासी उर्मिला देवी (लगभग 50 वर्ष), पति रामप्रवेश यादव, 14 जून 2026 को घर से बिना बताए निकल गई थीं। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर बालीडीह थाना में सनहा दर्ज कर विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की। लगातार प्रयास के बाद महिला को वृंदावन (मथुरा), उत्तर प्रदेश से 27 जून 2026 को बरामद किया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि घरेलू विवाद के कारण वे घर छोड़कर चली गई थीं।

प्रेम प्रसंग के बाद युवती ने की शादी, बोकारो से बरामद
दूसरे मामले में रांची टोला निवासी 22 वर्षीय प्रीति कुमारी 17 जून 2026 को घर से लापता हो गई थीं। बाद में उन्होंने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह अपनी मर्जी से गई हैं। मामले में सनहा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी सहयोग से खोजबीन की। पुलिस ने 27 जून 2026 को उन्हें सेक्टर-05, बोकारो से बरामद किया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह अपने बचपन के दोस्त विकास कुमार के साथ घर से गई थीं और 19 अप्रैल 2026 को चंचली मंदिर, माराफारी में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया था।
पुलिस का बयान
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों मामलों में अपहरण से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला है। इसलिए किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

