Bokaro: रविवार को बोकारो जिले में अवैध पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया। यह छापेमारी अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में की गई, जिसमें कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी, सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र सिंह, बालीडीह थाना प्रभारी संदीप तथा भारी पुलिस बल शामिल था। छापेमारी में चोरी कर रखे गए कई हज़ार लीटर पेट्रोल और डीजल बरामद हुए। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को धवस्त करने में जुट गई है। दो टैंकर को पुलिस ने जप्त किया है।

आरबीएस कॉलेज के पास पहली बड़ी बरामदगी
अभियान के दौरान टीम ने सेक्टर-12 स्थित आरबीएस कॉलेज के समीप छापेमारी कर एक एचपीसीएल ट्रांसपोर्टर तेल टैंकर और ड्रमों में अवैध रूप से भंडारित भारी मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल बरामद किया। मौके पर ईंधन के भंडारण और संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। छापेमारी उस समय हुई जिस समय टैंकर से तेल निकला जा रहा था।

सीमलदुही और बीपीसीएल प्लांट के पास भी मिला अवैध भंडारण
दूसरी कार्रवाई बालीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बीपीसीएल प्लांट के समीप सीमलदुही इलाके में की गई, जहां टीम ने ड्रमों में भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल का अवैध भंडारण पकड़ा। सभी सामग्री को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
गरगा डैम के पास झोपड़पट्टी में तीसरा छापा
तीसरे स्थान पर गरगा डैम के समीप झोपड़पट्टी क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां एक छोटा तेल टैंकर वाहन, खाली ड्रम तथा ईंधन भंडारण से जुड़ी अन्य सामग्री बरामद हुई। इससे पूरे नेटवर्क के फैलाव की आशंका और गहरी हो गई है।
प्रशासन का सख्त संदेश
एसडीओ चास प्रांजल ढांडा ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि कहीं भी अवैध पेट्रोल, डीजल या इथेनॉल के भंडारण अथवा बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
आगे की कार्रवाई जारी
खबर लिखे जाने तक जब्त किए गए पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल की मात्रा का आकलन किया जा रहा था। वहीं एचपीसीएल और बीपीसीएल के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटे हुए थे।

