Bokaro: जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित द्वितीय झारखंड स्टेट टेबल टेनिस रैंकिंग चैंपियनशिप 2026 में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) बोकारो के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ईस्ट सिंहभूम डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता की अंडर-11 श्रेणी में विद्यालय के तीन खिलाड़ियों ने शीर्ष तीन स्थान हासिल कर बोकारो का नाम रोशन किया।

अंडर-11 कैटेगरी में तीनों खिलाड़ियों का दबदबा
प्रतियोगिता में डीपीएस बोकारो की पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी शिवांश राज और ईशान्वी शिवा तथा छठी कक्षा के आद्विक कश्यप ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। शिवांश राज ने प्रथम, ईशान्वी शिवा ने द्वितीय और आद्विक कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राज्यभर से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
शनिवार और रविवार को आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बोकारो जिले की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए डीपीएस के इन तीनों खिलाड़ियों ने अंडर-11 श्रेणी में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले तीनों खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल
प्रतियोगिता से लौटने के बाद मंगलवार को विद्यालय में आयोजित विशेष एसेंबली में प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने शिवांश राज, ईशान्वी शिवा और आद्विक कश्यप को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय, जिले और राज्य का नाम रोशन करने की दी प्रेरणा
प्राचार्य डॉ. गंगवार ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी निरंतर अभ्यास करते हुए विद्यालय, बोकारो जिले और झारखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
