Bokaro: चास ब्लॉक में मंगलवार को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और दस्तावेजों की जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे। सुबह से ही ब्लॉक परिसर में लोगों की लंबी कतार लगी रही। मतदाताओं ने चास बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार से अपनी समस्याएं बताकर नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की गुहार लगाई।

SIR के बाद नोटिस पाए मतदाता पहुंचे ब्लॉक
SIR के बाद त्रुटिपूर्ण या आवश्यक जानकारी से जुड़े प्रपत्रों की जांच के दौरान जिन मतदाताओं को नोटिस भेजा गया था, वे संबंधित दस्तावेज लेकर चास ब्लॉक पहुंचते रहे। देर शाम तक लोगों के आने का सिलसिला जारी रहा।
अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर किया सत्यापन
बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार के साथ अधिकारियों की टीम ने मतदाताओं की समस्याएं सुनीं और उनके दस्तावेजों की जांच की। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित कागजात को ऑनलाइन रिकॉर्ड में दर्ज किया जा रहा था।

बीडीओ बोले- किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं
चास बीडीओ डॉ. प्रदीप कुमार ने मतदाताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिन लोगों को नोटिस मिला है, वे संबंधित दस्तावेज लेकर ब्लॉक आएं। दस्तावेजों की जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कठिनाई होने पर BLO से करें संपर्क
बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी समस्या के लिए लोग अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें। यदि वहां से उचित जानकारी या समाधान नहीं मिलता है, तो चास ब्लॉक पहुंचकर अपनी समस्या की जानकारी दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थिति में घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है।
