Bokaro: पुरुलिया से बोकारो के चास की ओर भारी मात्रा में अवैध बीयर लेकर जा रही महिंद्रा XUV 500 को पिंड्राजोरा पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन से 45 कार्टून में रखी 1,080 कैन बीयर बरामद की है। हालांकि चेकिंग के दौरान वाहन चालक और उसका सहयोगी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने लगाया चेक नाका
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को करीब 3:50 बजे पिंड्राजोरा थाना प्रभारी को सूचना मिली कि सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 (WB02AA-5500) में बड़ी मात्रा में अवैध शराब पुरुलिया से चास की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिस दल को वाहन जांच का निर्देश दिया गया।
चास कॉलेज के पास पुलिस को चकमा देकर भागा वाहन
गश्ती पदाधिकारी पु०अ०नि० दिलीप टुडू ने सशस्त्र बल के साथ चास कॉलेज के पास विशेष वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध XUV 500 वहां पहुंची, लेकिन चालक पुलिस की चेकिंग से बचकर वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

बिरसा बसा के पास पकड़ी गई XUV
पुलिस ने पीछा करते हुए सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बसा के पास वाहन को पकड़ लिया। हालांकि वाहन रुकते ही चालक और उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में कैन बीयर मिली।
45 कार्टून में मिली 1,080 कैन बीयर
तलाशी के दौरान वाहन से HAYWARDS 5000 ब्रांड की 45 कार्टून कैन बीयर बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में 24 कैन थे। इस तरह कुल 1,080 कैन बीयर जब्त की गई। पुलिस ने वाहन और बरामद बीयर को विधिवत जब्त कर लिया है।
वाहन मालिक समेत तीन के खिलाफ केस
मामले में वाहन मालिक, चालक और चालक के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26, दिनांक 7 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 274/275/3(5) और एक्साइज एक्ट 1915 की धारा 47(A) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और उसके सहयोगी की तलाश की जा रही है।
जब्त सामान
- सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500, पंजीयन संख्या WB02AA-5500
- HAYWARDS 5000 की 45 कार्टून कैन बीयर
- कुल 1,080 कैन बीयर
