Bokaro : बोकारो में पिछले कुछ महीने से चोरों ने चोरी का नया तरीका अपना लिया है। चोर घरों में लगे एसी को नहीं ले जा रहे, बल्कि एसी के महंगे कॉपर पाइप, तार और आउटडोर यूनिट को निशाना बना रहे हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर के कई इलाकों में लोग परेशान हैं। चोरों के लिए कबाड़ की तरह दिखने वाला कॉपर सामान कमाई का जरिया बन गया है, जबकि मकान मालिकों के लिए यह दोहरी परेशानी का कारण बन रहा है।

एसी खराब होने के साथ हजारों का अतिरिक्त खर्च
चोर एसी का कॉपर पाइप और तार काटकर ले जा रहे हैं। इससे एसी पूरी तरह खराब हो जा रहा है। लोगों को एक ओर चोरी का नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर एसी को दोबारा चालू कराने के लिए पाइप, वायरिंग और गैस भरवाने पर अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ रही है। कई मामलों में लोगों को नया एसी लगाने तक की नौबत आ रही है।
कानूनी पचड़े से बचने के लिए शिकायत नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई लोग चोरी की छोटी घटना मानकर पुलिस को सूचना तक नहीं देते। लोगों को शिकायत दर्ज कराने और बाद में पुलिस की प्रक्रिया में उलझने का डर रहता है। हालांकि, कुछ पीड़ितों ने थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। लगातार शिकायतों के बावजूद चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

सेक्टर छह में तीन आवासों से एसी का पाइप काटा
सेक्टर छह थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन आवासों में लगे एसी को निशाना बनाया। सेक्टर छह बी निवासी रणवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सेक्टर छह बी के आवास संख्या 1144 समेत तीन आवासों में लगे एसी के पाइप चोरों ने काट लिए और अपने साथ ले गए।
सेक्टर वन बी में तीन एसी के आउटडोर यूनिट चोरी
इधर, सिटी थाना क्षेत्र में भी एसी चोरी की घटना सामने आई है। सेक्टर वन बी निवासी अब्दुल सलाम की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि दो आवासों से तीन एसी के आउटडोर यूनिट, पाइप समेत अन्य सामान चोरी कर लिए गए।
लगातार सामने आ रही घटनाओं से साफ है कि चोरों का निशाना अब सिर्फ घरों में रखे मोबाइल, नकदी और आभूषण तक सीमित नहीं है। एसी में इस्तेमाल होने वाला कॉपर भी उनके लिए आसान कमाई का साधन बन गया है। ऐसे में पुलिस के सामने चुनौती है कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने वाले कबाड़ी और नेटवर्क तक पहुंचकर इस सिलसिले पर रोक लगाए।
