Bokaro: चास थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। चास नगर निगम के वार्ड संख्या 17 स्थित शिव शक्ति नगर नाला रोड में मंगलवार को चायपत्ती बेचने के बहाने घर में घुसे दो युवकों ने एक महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी महिला के करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चायपत्ती बेचने के बहाने घर में घुसे
जानकारी के अनुसार, मंगलवार करीब 11:30 बजे कुछ अज्ञात युवक चायपत्ती बेचने के बहाने हीरामणि देवी के घर पहुंचे। आरोपियों ने बातचीत के दौरान महिला को अपनी बातों में उलझाया और कथित रूप से जबरन घर के अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया गया। घटना के समय हीरामणि देवी के पति भी घर में मौजूद थे। बताया गया कि उन्हें सुनने में परेशानी है। आरोपियों ने इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए उन्हें बातचीत में उलझाए रखा। इस कारण उन्हें पत्नी के साथ हुई घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
कान की बाली और सोने की चेन ले गए
महिला के बेहोश होने के बाद आरोपियों ने उनके कान की बाली, गले में पहनी सोने की चेन समेत अन्य जेवरात निकाल लिए। परिजनों के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद जब महिला को होश आया तो उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद चास थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। CCTV फुटेज में दो संदिग्ध युवकों के घर से जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।
