Bokaro: जिले के औद्योगिक विकास को गति देने और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त-सह-क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा बोकारो प्रक्षेत्र अजय नाथ झा की अध्यक्षता में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न उद्योग संगठनों ने अपने-अपने एजेंडे प्रस्तुत करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया।

BSL के साथ होगी PLC बैठक, संगठनों से मांगा गया एजेंडा
बैठक के दौरान औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कराने का आग्रह किया। प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाली, जल निकासी व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी औद्योगिक संगठनों को प्रस्तावित PLC बैठक के लिए अपने मुद्दों और सुझावों का एजेंडा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि BSL के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जा सके।

15 दिनों में देना होगा औद्योगिक समस्याओं पर रिपोर्ट
उपायुक्त ने औद्योगिक संगठनों से औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण की स्थिति, रोजगार सृजन की संभावनाएं, यातायात प्रबंधन, बंद पड़ी औद्योगिक इकाइयों की वर्तमान स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रतिवेदन 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर समस्याओं के समाधान और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जियाडा बोकारो क्षेत्र के क्षेत्रीय उप निदेशक मनोज कुमार, सहायक विकास पदाधिकारी, बोकारो चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज, उद्योग संकल्प, लघु उद्योग भारती, एससी/एसटी उद्यमी विकास संघ और बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लीज ट्रांसफर और औद्योगिक बदलाव से जुड़े मामलों पर हुई चर्चा
बुधवार को ही उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पीसीसी/एलएसी (PCC/LAC) की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कुल 14 मामलों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया गया। इनमें सात मामले लीज होल्ड राइट ट्रांसफर से संबंधित थे, जबकि सात मामले अतिरिक्त आइटम और आइटम परिवर्तन से जुड़े हुए थे। सभी मामलों पर नियमों के अनुसार चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में जियाडा बोकारो क्षेत्र के क्षेत्रीय उप निदेशक, सहायक विकास पदाधिकारी, झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम लिमिटेड चास के कार्यपालक अभियंता, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद धनबाद के क्षेत्रीय पदाधिकारी, बैंक ऑफ इंडिया चास के अग्रणी जिला प्रबंधक, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चास के कार्यपालक अभियंता तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति उद्यमी विकास संघ बोकारो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

