Bokaro: बोकारो परिसदन (सर्किट हाउस) में बुधवार को प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) जिला संवाददाता अरविन्द शर्मा के असामयिक निधन पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. शर्मा के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश हुए उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वक्ताओं ने उनके निधन को बोकारो जिले की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति बताया। श्रद्धांजलि सभा में न केवल शहर के कई वरिष्ठ पत्रकारगण, बल्कि जिला प्रशासन और बोकारो इस्पात प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। सभी ने स्व. शर्मा के मिलनसार व मृदु स्वभाव की चर्चा करते हुए उनके आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने बारी-बारी से स्व. शर्मा के चित्र पर पुष्पार्चन कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

कलमकारों के लिए अनुकरणीय उदाहरण छोड़ गए स्व. शर्मा : DPRO रवि कुमार
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) रवि कुमार ने स्व. शर्मा के कृतित्व और व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण और समर्पित जीवन हर कलमकार के लिए अनुकरणीय है। वहीं, बोकारो स्टील प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. शर्मा एक निष्पक्ष, ईमानदार और समर्पित पत्रकार थे। उनकी कार्य के प्रति अटूट निष्ठा, पेशेवर प्रतिबद्धता और मृदुभाषी स्वभाव हमेशा स्मरणीय रहेगा। इसके अलावा बीएसएल जनसंपर्क विभाग के वरीय प्रबंधक अभिनव शंकर एवं रवि कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखते हुए उनके आकस्मिक जाने को व्यक्तिगत क्षति बताया।

जुझारूपन को किया याद
सभी पत्रकारों ने एक स्वर में दिवंगत पत्रकार के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की और ईश्वर से प्रार्थना की कि इस कठिन घड़ी में परिवार को संबल प्राप्त हो। उल्लेखनीय है कि स्व. शर्मा का आकस्मिक निधन पिछले दिनों इलाज के दौरान चंद्रपुरा स्थित एक अस्पताल में हो गया था। वे हृदयरोग से पीड़ित थे और फेफड़े में पानी जमा हो जाने के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई थी।
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई/भाषा) के बोकारो जिला संवाददाता स्वर्गीय अरविन्द शर्मा का असामयिक निधन बोकारो की पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं समस्त बोकारो परिवार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं उनके शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्वर्गीय अरविन्द शर्मा विगत 35 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े रहे। उन्होंने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत धनबाद से प्रकाशित ‘जनमत’ समाचार पत्र से की और इस अवधि में वे प्रभात खबर, बिहार ऑब्जर्वर, दैनिक हिन्दुस्तान और प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के संवाददाता के रूप में कार्य किये।
अजय नाथ झा, उपायुक्त बोकारो

