Bokaro: महिला समिति, बोकारो की ओर से बोकारो क्लब में पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ ‘सावन महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली को समर्पित इस कार्यक्रम में समिति की सदस्याएं हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी नजर आईं। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला समिति की अध्यक्ष शुभम रंजन के स्वागत के साथ हुआ, जहां उपस्थित सदस्यों ने आत्मीय वातावरण में उनका अभिनंदन किया।

गीत, नृत्य और सावन झूले ने बढ़ाई रौनक
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष सुनीता भारद्वाज के नेतृत्व में सावन थीम पर आधारित गीत, कविताओं और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक सावन झूला समारोह का प्रमुख आकर्षण बना। इस अवसर पर महिला समिति की नई सदस्याओं का स्वागत किया गया। पारंपरिक सावन गीतों, स्वादिष्ट स्वल्पाहार और मनोरंजक खेलों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

‘सावन क्वीन’ बनीं अपर्णा, प्रतियोगिताओं में दिखा हुनर
सावन महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपर्णा को ‘सावन क्वीन-2026’ का ताज पहनाया गया। शालिनी प्रथम रनर-अप और अमिता झा द्वितीय रनर-अप रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में चंदना ने पहला तथा संध्या राज ने दूसरा स्थान हासिल किया। आकर्षक केश-विन्यास के लिए अनिता ठाकुर को सम्मानित किया गया, जबकि रूपाली को ‘सावन स्पेशल पुरस्कार’ से नवाजा गया। विजेताओं का चयन महिला समिति की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा किया गया।
टीमवर्क से सफल बना आयोजन
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय महिला समिति की सचिव ऋचा प्रियदर्शिनी ने किया। आयोजन की सफलता में उपाध्यक्ष अल्का मनवटी, देवजानी मिश्रा, आशा दत्त, कोषाध्यक्ष अभिरुचि प्रिया, उप-कोषाध्यक्ष संघमित्रा पात्र, सुरभि प्रभारी अनिशा झा, विद्यालय प्रभारी नीतू सुनीत एवं आशा राज, सिलाई एवं सैनिटरी इकाई प्रभारी प्रीति राजेश, आरती कुमार, समिता मोहंती, कल्पना वर्मा, यामिनी श्री तथा रश्मि का उल्लेखनीय योगदान रहा।

