Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में हाइड्रोलिक ऑयल के संरक्षण और इसकी खपत कम करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ऑयल की खपत को संतुलित करने, रिसाव पर नियंत्रण तथा प्रयुक्त हाइड्रोलिक ऑयल के अधिकतम संग्रहण और पुनर्जनन पर जोर दिया जा रहा है।
एचआरसीएफ में आयोजित हुई संगोष्ठी
इसी क्रम में बीएसएल के तकनीकी प्रकोष्ठ विभाग की ओर से एचआरसीएफ विभाग में हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण विषय पर अर्धदिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुख्य महाप्रबंधक (एचआरसीएफ) के अलावा हाइड्रोलिक प्रणालियों के संचालन एवं अनुरक्षण से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और ठेका कर्मी शामिल हुए।

विवेकपूर्ण उपयोग और अनुरक्षण पर जागरूकता
कार्यक्रम में हाइड्रोलिक प्रणालियों के संचालन एवं अनुरक्षण को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से हाइड्रोलिक ऑयल के विवेकपूर्ण उपयोग, रिसाव से होने वाली क्षति की रोकथाम और प्रभावी अनुरक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई।
प्रयुक्त ऑयल के पुनर्जनन पर जोर
मुख्य महाप्रबंधक (एचआरसीएफ) ने ऑयल की खपत कम करने के लिए सामूहिक और सतत प्रयासों का आह्वान किया। उन्होंने रिसाव के स्रोत की समय पर पहचान, शीघ्र निराकरण और प्रयुक्त ऑयल के उचित संग्रहण पर जोर दिया। पुनर्जनन से ताजा ऑयल की आवश्यकता और संबंधित खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
